News NAZAR Hindi News

उरण में दिखे संदिग्धों में से दो के स्केच जारी

मुंबई। मुंबई पुलिस ने नेवी बेस के पास दिखे संदिग्धों में से दो के स्केच जारी किये हैं। इन संदिग्धों को ढूंढने के लिए विभिन्न एजेंसियों ने अभियान चला रखा है। इसके साथ ही मुंबई के तटीय इलाकों तथा आसपास के क्षेत्रों में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। शुक्रवार को सावधानी के लिए उरण और आसपास के स्कूल- कॉलेज बंद रखे गए।


बता दें कि मुंबई के पास उरण में नौसेना क्षेत्र के पास गुरुवार को संदिग्ध अवस्था में सेना की वर्दी पहनकर घूमते हुए चार लोगों को देखा गया था। उसके बाद पश्चिमी नौसेना कमान ने मुंबई तट पर हाई अलर्ट जारी किया था। इन इलाकों में कई संवेदनशील प्रतिष्ठान और संपत्तियां हैं। पश्चिमी भारत का सबसे बडा नौसैन्य अड्डा, भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र, उर्वरक संयंत्र, रिफाइनरी, बिजली संयंत्र और जेएनपीटी बंदरगाह भी उरण के पास ही हैं।
पुलिस ने कहा कि हथियारों से लैस संदिग्धों को देखने वाले कुछ स्कूली बच्चों से मिले व्यौरे के आधार पर संदिग्धों के स्केच गुरुवार देर रात जारी किए गए। उरण और आसपास के इलाकों में स्थित स्कूलों और कॉलेजों को शुक्रवार को बंद कर दिया गया है।नौसेना, तटरक्षक, सीआईएसएफ और त्वरित प्रतिक्रिया बल की मदद से उरण और करांजा इलाकों में खोजी अभियान चलाए जा रहे हैं। हालांकि पुलिस को शुक्रवार दोपहर तक संदिग्धों का सुराग नहीं मिल पाया था। पुलिस ने कहा कि नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (एनएसजी) और राज्य पुलिस की विशेष इकाई फोर्स वन को भी खोज कार्य में लगा दिया गया है। नवी मुंबई के पुलिस आयुक्त ने पूरी रात शीर्ष अधिकारियों के साथ मिलकर स्थिति का जायजा लिया था।