News NAZAR Hindi News

राजस्थान में खुलेगी रक्षा उत्पाद की फैक्ट्री!


रक्षा मंत्री पहुंचे जयपुर, भाजपा मुख्यालय में जोरदार स्वागत
जयपुर। राजस्थान में रक्षा उत्पाद से जुड़ी एक फैक्ट्री लग सकती है, इसके लिए केन्द्र सरकार तैयार कर रही है। रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर ने शनिवार सुबह इसके संकेत दिए। पर्रिकर के जयपुर आने पर शनिवार सुबह भाजपा मुख्यालय में कार्यकर्ताओं व प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी ने जोरदार स्वागत किया। इस मौके पर एक छोटी सभा भी आयोजित हुई। इसमें पर्रिकर और परनामी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। परनामी ने प्रदेश सरकार की दो साल की उपलब्धियों को बताया और इस दौरान हुए सभी स्तर के चुनावों में हुई जीत के बारे में भी पर्रिकर को जानकारी दी।

इससे पहले पर्रिकर ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि वे भी जमीन से जुड़े कार्यकर्ता हैं इसलिए वे कार्यकर्ताओं से मिलने यहां आए हैं। उन्होंने बताया कि केन्द्र सरकार अच्छा काम कर रही है। जनता को लाभ मिलेगा लेकिन थोड़ा समय लगेगा। आज देश की आबादी बहुत ज्यादा है इसलिए लोगों तक योजनाओं का लाभ मिलने में समय लगता है। उन्होंने रक्षा उपकरणों से जुड़े एक मामले पर बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि जल्द ही राजस्थान में रक्षा उत्पाद बनाने की फैक्ट्री लग सकती है।