News NAZAR Hindi News

मुंबई में 17 मंजिला इमारत में आग लगने से 4 की मौत, 16 झुलसे

मुंबई । महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के परेल क्षेत्र में 17 मंजिला इमारत की 12वीं मंजिल पर बुधवार को भीषण आग लग जाने से चार लाेगों की मौत हो गई और 16 अन्य झुलस गए।

दमकल विभाग को हिंदमाता में क्रिस्टल टावर इमारत की 12 मंजिल में आग लगने की सूचना सुबह 8:32 बजे मिली थी और इसके तुरंत बाद 10 दमकलों को मौके पर भेजा गया। इसके साथ चार टैंकर और एक एंबुलेंस भी भेजी गई थी।

इमारत में आग लगने के बाद चारों तरफ काफी धुआं फैलने से भीतर रह रहे लोग वहीं फंस गए थे और लगभग 30 लोगों को विशेष उपकरणों तथा सीढ़ियों की मदद से निकाला गया। आग पर काफी मशक्कत के बाद काबू पाया गया।

उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान एक वृद्ध महिला सुभदा साल्के (62) के तौर पर की गयी है। इस हादसे में तीन अन्य पुरुष मारे गए है। धुएं और आग से प्रभावित लाेगों में 10 पुरुष और छह महिलाएं हैं जिन्हें समीप के केईएम अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। इनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। उन्हाेंने बताया कि आग लगने के कारणाें का अभी तक पता नहीं चल सका है।