News NAZAR Hindi News

बाबा रामदेव की तुलना जाकिर नाइक से

रांची।  कांग्रेस विधायक इरफान अंसारी ने मुस्लिम धर्म प्रचारक जाकिर नाइक से बाबा रामदेव की तुलना की है। उन्होंने कहा कि कई मामलों में बाबा रामदेव और जाकिर नाइक एक समान हैं। दोनों में कई समानताएं हैं। अंसारी विधान सभा परिसर में पत्रकारों से बात कर रहे थे।

विधायक इरफान अंसारी विधान सभा में भाजपा विधायक अनंत कुमार ओझा के द्वारा उठाये गये सवालों के जवाब में अपनी प्रतिक्रिया दे रहे थे। सदन के दौरान भाजपा विधायक ने सवाल उठाया था कि पाकुड़ और साहेबगंज सहित अन्य जगहों पर जाकिर नाइक जैसे लोगों की शह पर देशद्रोही गतिविधियां चल रही हैं। इस पर सरकार को रोक लगानी चाहिए।

ओझा के सवालों का जवाब देते हुये कांग्रेस विधायक ने कहा कि जिस क्षेत्र में जाकिर नाइक के रैली किये जाने सहित अन्य बातें कही जा रही है, वह क्षेत्र आज भी विकास से कोसों दूर है। पाकुड में सबसे पहले सरकार को इस बात का ध्यान देना चाहिए कि वहां के लोगों का विकास किस तरह से होगा। ना कि वहां कौन रैली कर रहा या फिर कौन क्या भाषण दे रहा है। लगातार इन क्षेत्रों में कभी एनआइए से जुड़े लोगों की बात तो कभी किसी आतंकी संगठन के होने का सवाल उठाया जाता है। यह सबकुछ क्षेत्र को बदनाम करने जैसा ही है।
भाजपा विधायक अनंत कुमार ओझा ने सदन में शून्यकाल के दौरान सवाल उठाया था कि पोपुलर फ्रंट संस्था के द्वारा जाकिर नाइक पाकुड़ और साहेबगंज में पाकिस्तान जिंदाबाद सहित अन्य देश विरोधी नारे लगाते हैं। जिससे लोगों में दहशत का माहौल है। राज्य में कोई अनहोनी ना हो जाये, इसलिये नाइक की गतिविधियों पर सरकार को कड़ी नजर रखने की जरुरत है।