News NAZAR Hindi News

पाकिस्तान में लड़के का गुप्तांग काटा और आंखें निकाली


लाहौर। पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में अवैध संबंध के शक में लड़की के परिजन ने 15 वर्षीय किशोर का गुप्तांग काट दिया और उसकी आंखें निकाली लीं।

नवीं कक्षा में पढऩे वाले इस किशोर की आंखों की रोशनी हमेशा के लिए चली गई लेकिन चिकित्सक उसकी जान बचाने में सफल रहे। पुलिस ने इस मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।


लड़के के परिजन ने लाहौर शहर के रायविंड क्षेत्र में लड़की के परिजन के खिलाफ प्रदर्शन किया और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

लड़के के परिजन ने पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत बताया कि लड़की के पिता और उनके सहयोगियों ने लड़की से अवैध संबंध के शक में उनके बेटे का फरवरी के आखिर सप्ताह में अपहरण कर लिया था।


आरोपी लड़के को स्कूल से अगवा करने के बाद रावी नदी के पास एक निर्जन स्थान पर ले गए। वहां उसका गुप्तांग काट दिया और उसकी आंखें निकाली लीं। इस बर्बरता के बाद आरोपी फरार हो गए। वहां से गुजर रहे लोगों ने लड़के को देखा और उसे अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसकी जान बचा ली।
पीडि़त के पिता ने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ दल पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज पीएमएल-एन का एक सांसद आरोपियों का समर्थन कर रहा है।

लड़के के पिता ने पाकिस्तान के प्रधान न्यायाधीश से मामले में हस्तक्षेप का आग्रह किया है। लाहौर के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी हैदर अशरफ ने बताया कि सभी पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।