News NAZAR Hindi News

कुमार विश्वास नहीं छोड़ेंगे आम आदमी पार्टी


नई दिल्ली। पहले यूपी विधानसभा चुनाव और फिर दिल्ली नगर निगम चुनाव में करारी हार के बाद आम आदमी पार्टी में मचे घमासान के बीच वरिष्ठ नेता एवं मशहूर कवि कुमार विश्वास ने साफ किया है कि उनका इरादा पार्टी छोडऩे का नहीं है। वह बोले, पार्टी छोडऩे का सवाल ही नहीं उठता। यह मेरी पार्टी है, …मेरे घर से बनी है।


एक दिन पहले ही कुमार विश्वास ने पार्टी नेतृत्व पर खुला हमला बोला था। उन्होंने कहा कि हर बार ईवीएम को ही हार का दोषी ठहराया जा रहा है, जबकि दोष हमारा ही है। ईवीएम में ही गड़बड़ी ढूंढी जा रही है, जबकि गड़बडिय़ां पार्टी के अंदर भी हैं।

उनके इस बयान के बाद पार्टी में बवाल मच गया। उनके पार्टी छोड़कर भाजपा में जाने के कयास लगाए जाने लगे। इस पर रविवार को कुमार ने सफाई दी।

उनका कहना है कि जमीन में मुंह देने से सेहरा में तूफान खत्म नहीं हो जाता। हमें अपनी कमियां सुधारनी होंगी। अरविंद केजरीवाल राष्ट्रीय संयोजक हैं और रहेंगे। उनके नेतृत्व पर किसी को कोई शंका नहीं है। हार पर लीडर नहीं बदला जाता। हार के दूसरे भी कारण हैं।