News NAZAR Hindi News

ऑनलाइन सैक्स रैकेट चलाते बीजेपी लीडर अरेस्ट

गिरफ्तार नीरज शाक्य

भोपाल। पुलिस ने ऑनलाइन सैक्स रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए बीजेपी के प्रदेश मीडिया प्रभारी (एससी मोर्चा) नीरज शाक्य समेत 9 लोगों को गिरफ्तार किया है।

शर्मनाक बात यह है कि यह गिरोह नौकरी का झांसा देकर जरूरतमंद लड़कियों से देह व्यापार कराता था। गिरोह का खुलासा होने से बीजेपी की साख को भी बट्टा लगा है।
सेक्स रैकेट में नाम आने के बाद बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान ने नीरज शाक्य को पार्टी से निष्कासित कर दिया है।

यूं लगा सुराग

मध्य प्रदेश पुलिस की साइबर सेल को सुराग मिला कि भोपाल में एक वेबसाइट के जरिए सेक्स रैकेट चलाया जा रहा है। यह गैंग ग्राहकों को ऑनलाइन बुकिंग के जरिए लड़कियां सप्लाई कर रहा है। यह वेबसाइट दिल्ली में रजिस्टर्ड है लेकिन लड़कियां सप्लाई का काम राजधानी भोपाल से हो रहा है।


फ्लैट पर छापा

पुख्ता सूचना पर शुक्रवार को पुलिस ने शहर के पॉश इलाके अरेरा कॉलोनी की अशोका सोसायटी स्थित फ्लैट पर छापा मारा।
पुलिस ने यहां से बीजेपी का प्रदेश मीडिया प्रभारी (एससी मोर्चा) नीरज शाक्य समेत 9 लोगों को गिरफ्तार किया। रैकेट का सरगना सुभाष नाम का शख्स फरार है।

4 लड़कियां बरामद

पुलिस ने फ्लैट से महाराष्ट्र और मेघालय की 4 लड़कियों को भी छुड़ाया है। आरोपी नौकरी का लालच देकर मेघालय और महाराष्ट्र की लड़कियों से जिस्मफरोशी करा रहे थे।

यूं फंसाते थे लड़कियां

गिरोह के सदस्य जॉब से जुड़ी विभिन्न वेबसाइट्स पर अपना बायोडाटा अपलोड करने वाली लड़कियों से संपर्क करते थे। यह लोग उन्हें जॉब का ऑफर देकर भोपाल बुलाते थे और फिर सेक्स रैकेट में धकेल देते थे।