News NAZAR Hindi News

उत्तराखंड में बर्फ से लदे पहाड़ पर दो विदेशी महिलाएं लापता, चलेगा सर्च ऑपरेशन

 

चमोली। चौखंभा-थ्री ट्रैकिंग पर गई दो विदेशी महिला पर्यटक वहां फंस गईं हैं। शुक्रवार को वायु सेना के दो हेलीकॉप्टरों ने क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया, लेकिन उनकी लोकेशन नहीं मिल पाई। वन विभाग ने एसडीआरएफ से हेलीकॉप्टर भेजकर सर्च अभियान चलाने के लिए मदद मांगी है, जबकि जिला प्रशासन के अनुरोध पर एनडीआरएफ की टीम भी सर्च अभियान के लिए देहरादून से रवाना हो गई है। शनिवार को दोनों विदेशी पर्यटकों की ढूंढखोज की जाएगी।

6995 मीटर की ऊंचाई पर स्थित चौखंभा पर्वत-थ्री के आरोहण के लिए ब्रिटिश नागरिक फायजने मान्नेरस (27) व यूएसए नागरिक मिचेल थेरेसा देवोरोक (23) इंडियन काउंट ट्रेनिंग एसोसिएशन से अनुमति लेकर चौखंभा ट्रैकिंग पर गए थे। उनके पास 11 सितंबर से 18 अक्तूबर तक की अनुमति है।
तीन अक्तूबर शाम को चौखंभा पर चढ़ाई के दौरान उनका सामान व अन्य उपकरण बैग सहित खाई में गिर गए। जिससे वे बर्फ से ढके चौखंभा पर्वत पर फंस गए। महिला पर्यटकों ने पेजर से अपनी एंबेसी से संपर्क किया। जिसके बाद चमोली जिला प्रशासन ने वायुसेना से सर्च अभियान चलाने का अनुरोध किया।
शुक्रवार सुबह वायुसेना के दो चेतक हेलीकॉप्टरों ने सरसावा (सहारनपुर) एयरबेस से उड़ान भरी और बदरीनाथ से लगी चौखंभा-थ्री चोटी पर सर्च अभियान चलाया। काफी खोजबीन के बाद भी लापता पर्यटकों का पता नहीं चल पाया है।

इनका कहना है

गुरुवार शाम को विदेशी पर्यटकों के चौखंभा में फंसने की सूचना मिली थी। जिस पर शुक्रवार सुबह वायुसेना से सर्च अभियान के लिए अनुरोध किया गया। वायु सेना के दो हेलीकॉप्टरों ने सर्च अभियान चलाया। लेकिन कामयाबी नहीं मिली। अब एनडीआरएफ देहरादून के कमांडेंट को सर्च अभियान के लिए पत्र लिखा गया। एनडीआरएफ की टीम देहरादून से चमोली के लिए रवाना हो गई है। शनिवार को फंसे पर्यटकों को निकालने का प्रयास किया जाएगा।
– संदीप तिवारी, जिलाधिकारी चमोली

यह भी देखें : बुजुर्ग रेलयात्रियों के लिए मुसीबत