News NAZAR Hindi News

अमरनाथ श्राइन बोर्ड के अफसरों की बेरुखी से भंडारा-लंगर संचालक परेशान

जम्मू। श्री अमरनाथ यात्रा के दौरान लाखों शिवभक्तों और हजारों सुरक्षा कर्मियों को दुर्गम ऊंचाई पर गरमा गरम भोजन-मिष्ठान खिलाने वाले लंगर वालों को श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड की बेरुखी का शिकार होना पड़ रहा है। उन्हें लंगर लगाने की अनुमति देने में आनाकानी करने से लेकर लंगर बंद करने की एनओसी देने तक में परेशान किया जा रहा है।

अपने घर परिवार से दूर आकर विकट परिस्थितियों में भी करोड़ों रुपए खर्च कर शिवभक्तों की सेवा करने वाले लंगर संचालक श्राइन बोर्ड की नीतियों से बेहद आहत हैं। जबकि पूरी अमरनाथ यात्रा इन्हीं लंगरों और आर्मी की बदौलत बरसों से जारी है।
ताजा घटनाक्रम के अनुसार श्राइन बोर्ड ने बालटाल मार्ग से भी यात्रा स्थगित कर दी है। लेकिन इसकी सूचना लंगर वालों से साझा नहीं की जा रही है।

श्री अमरनाथ बर्फानी लंगर संगठन (साबलो) ने श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड को पत्र लिखकर यात्रा को स्थगित रखने पर स्पष्ट करने के लिए कहा है। संगठन के अध्यक्ष राजन गुप्ता, महासचिव एच के चुग, वित्त सचिव विजय मेहरा, पीआरओ पंकज सोनी और फकीर चंद वर्मा, पहलगाम-पवित्र गुफा मार्ग के मार्ग समन्वयक ने कहा ऐसी सूचना है कि बिना कोई ठोस कारण के दोनों रूट से यात्रा बंद कर दी गई है। इससे आखिरी जत्थों में जाने वाले यात्रियों को परेशानी हो रही है।

बोर्ड को देश-विदेश के श्रद्धालुओं के लिए यात्रा पर स्थिति को स्पष्ट करना चाहिए। ऐसी परिस्थितियों में बालटाल-पवित्र गुफा व पहलगाम-पवित्र गुफा मार्ग पर सेवाएं प्रदान कर रहे सेवा प्रदाताओं और भंडारे वालों में भ्रम की स्थिति बनी हुई है। जो भंडारे वाले यात्रियों के न आने के कारण अपना संचालन बंद करना चाहते हैं, उन्हें बिना किसी विलंब के एनओसी जारी करते हुए वापस भेजा जाए। यह पहली बार नहीं है, 2023 के दौरान भी पहलगाम, चंदनवाड़ी-पवित्र गुफा मार्ग के यात्रियों को बालटाल की ओर मोड़ दिया गया था।

उन्होंने कहा कि बोर्ड के अधिकारी न तो अपने मोबाइल फोन पर हमारी कॉल रिसीव कर रहे हैं और न ही कॉल बैक कर रहे हैं। श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड के अधिकारी कोई उचित जानकारी नहीं दे रहे हैं।

श्री अमरनाथ यात्रा को मंगलवार दूसरे दिन भी स्थगित किया गया। बालटाल रूट से किसी भी यात्री को पवित्र गुफा के लिए नहीं भेजा गया। बताया जाता है कि गत रविवार को बारिश से बालटाल रूट को नुकसान हुआ है। अनाधिकारिक तौर पर पहले ही पहलगाम रूट से यात्रा बंद कर दी गई है। 14 और 15 अगस्त को सुरक्षा कारणों से भी यात्रा स्थगित रखी गई है। अब तक 5.10 लाख श्रद्धालुओं ने बाबा बर्फानी के दर्शन किए हैं। यात्रा के अब महज 4 दिन बचे हैं। आज छड़ी मुबारक पवित्र गुफा के लिए रवाना हो गई है।

यह भी जरूर पढ़ें

मुस्लिम बस चालक ने अमरनाथ यात्रियों की सुरक्षा खतरे में डाली

यह भी पढ़ें

अमरनाथ यात्रियों पर महंगाई की मार,  टेंट में रहने का किराया बढ़ाया

यह भी पढ़ें

जेके पुलिस ने अमरनाथ यात्रियों को बनाया बंधक, मारे डंडे, IPS ऑफिसर को मांगनी पड़ी माफी

यह भी पढ़ें

पहलगाम में टैक्सी चालकों की हड़ताल से अमरनाथ यात्री फंसे, प्रशासन ने छिपाई सच्चाई

वीडियो देखें

वीडियो देखें

वीडियो देखें

वीडियो देखें