News NAZAR Hindi News

अभिनेता रवि किशन भाजपा में शामिल

नई दिल्ली। प्रसिद्ध भोजपुरी अभिनेता और पूर्वी भारत की लोकप्रिय शख्सियत रवि किशन रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गये।

भाजपा राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष अमित शाह, राष्ट्रीय महामंत्री रामलाल और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने पार्टी मुख्यालय में रवि किशन को भाजपा का पटका पहनाकर उनका स्वागत किया। रवि किशन ने कहा कि भाजपा में शामिल होने की वजह ये है कि यही पार्टी है जो गरीबों के लिए सोचती है।

उन्होंने कहा कि मैं पार्टी के साथ जुड़कर गरीबों के लिए काम करना चाहता हूं। मेरा उद्देश्य विकास पर केंद्रित है न कि दूसरों का अपमान करना।

इस मौके पर मनोज तिवारी ने कहा कि रवि किशन पिछले 13 वर्षों से भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री में उनके प्रतिद्वंदी रहे हैं। लेकिन वह स्वयं की मेहनत से अपनी पहचान बनाने वाले, गरीबी को मात देकर विपरीत परिस्थितियों में खड़े एक बेबाक और स्पष्टवादी इंसान हैं। उनका भाजपा में आकर्षण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा गरीब, मजदूर, शोषित, पीड़ित और ईमानदार लोगों के पक्ष में कार्य करने के कारण हुआ है।

गौरतलब है कि 47 वर्षीय रवि किशन हिंदी और भोजपुरी सिनेमा में काम करने के अलावा रियल्टी शो बिग बॉस में भी भाग ले चुके हैं। इसके अलावा वह ईटीवी भोजपुरी सिनेमा सम्मान 2008 के कार्यक्रम में सबसे अधिक प्रसिद्ध अभिनेता का पुरस्कार पा चुके हैं।

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए आज तीसरे चरण का मतदान हुआ है। अभी चार चरणों के लिए मतदान होना शेष है| ऐसे में पूर्वी उत्तर प्रदेश में अभी कई जगह मतदान होना है। रवि किशन के भाजपा में शामिल होने से भाजपा को भोजपुरी मतदाताओं को रिझाने में मदद मिलेगी।