News NAZAR Hindi News

पति मना रहा था मौत का शोक, ट्रेन में प्रेमी संग मुंबई जाती पकड़ी गई फूलमति

 

झांसी। गोरखपुर के उरुवा बाजार में गत 19 जून को अर्धनग्न अवस्था में मिले महिला के शव को पत्नी का शव समझ कर अंतिम संस्कार कर दिया था। घर में शोक मनाया जा रहा था, इसी बीच झांसी जीआरपी ने पति को फोन कर बताया कि उसकी पत्नी जीवित है और अपने प्रेमी के साथ मुंबई जा रही है। गोरखपुर पुलिस झांसी पहुंची और महिला को साथ ले गई।
गोरखपुर के बांसगांव उस्का बाजार के सुमेर ने उरुवा थाने में शिकायत की थी कि उसकी 40 वर्षीय पत्नी फूलमति मायके से ससुराल आते हुए कहीं गायब हो गई। इसके बाद गोरखपुर पुलिस ने फूलमति का फोटो सभी जीआरपी थानों को भेज दिया था। इसी बीच 19 जून को उरुवा बाजार में फूलमति की हमउम्र महिला का अर्धनग्न शव मिला था।
सुमेर ने फूलमति के रूप में पहचान लिया था और उसका अंतिम संस्कार भी कर दिया था। घर में शोक मनाया जा रहा था कि इसी बीच झांसी जीआरपी ने फूलमति को गोरखपुर-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस से प्रेमी के साथ पकड़ लिया। यहां थाने लाकर महिला से पूछताछ की तो उसने बताया कि वह प्रेमी के साथ मुंबई जा रही थी।
जीआरपी थाना प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि गोरखपुर से महिला के गायब होने की सूचना पर यहां झांसी स्टेशन पर हमने अपना नेटवर्क सक्रिय कर दिया था। महिला और उसका प्रेमी जनरल कोच में सवार थे, इसी दौरान जीआरपी ने कोच में चेकिंग की और वह पकड़ी गई। दोनों को गोरखपुर पुलिस के हवाले किया गया है।