News NAZAR Hindi News

थाने में किशोरी को तंग करने का वीडियो प्रियंका गांधी ने किया शेयर

नई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा ने छेड़छाड़ की रिपोट दर्ज करने गई एक नाबालिग लड़की को पुलिस की ओर से परेशान करने का वीडियो साझा करते हुए उत्तर प्रदेश सरकार पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े किए हैं।

वाड्रा ने उस वीडियो को अपने ट्विटर हैंडल पर गुरुवार काे साझा किया जिसमें एक पुलिस अधिकारी छेड़छाड़ की शिकायत दर्ज कराने थाना गई लड़की पर ही सवााल उठाते दिख रहा है।

प्रियंका ने ट्वीट किया है कि उत्तर प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध कम नहीं हो रहे हैं और कानून के रखवाले महिलाओं तथा लड़कियों के साथ घिनौना बर्ताव कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं की बात सुनना न्याय दिलाने की पहली सीढ़ी है।

 

उन्होंने ट्वीट किया कि एक तरफ उत्तर प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध कम नहीं हो रहे, दूसरी तरफ कानून के रखवालों का ये बर्ताव। महिलाओं को न्याय दिलाने की पहली सीढ़ी है उनकी बात सुनना। छेड़खानी की रिपोर्ट लिखवाने गई लड़की के साथ थाने में इस तरह का व्यवहार हो रहा है।

कानपुर के नजीराबाद थाना क्षेत्र में रहने वाली 16 वर्षीय लड़की नल पर पानी भरने के लिए गई थी। वहां मौजूद कुछ लड़के उसके साथ छेड़छाड़ करने लगे। लड़की ने विरोध किया तो उन्होंने उसके साथ मारपीट की। लड़कों ने बीच बचाव करने आए उसके भाई को भी जमकर पीटा। इसके बाद धमकी देते हुए भाग गए।

नाबालिग छेड़छाड़ की रिपोर्ट लिखाने के लिए अपनी मां के साथ नजीराबाद थाना पहुंची जहां पुलिस इंस्पेक्टर ने उससे पहले पूरा घटना क्रम पूछा। इसके बाद उसने उससे पूछा कि ये चूड़ा, अंगूठी, लॉकेट क्यों पहनी हो, इतने आयटम पहनने की क्या जरूरत है? जब तुम पढ़ती नहीं हो तो ये सब पहनने की क्या जरूरत है? इससे क्या लाभ है? इसी से दिखाई दे जाता है कि तुम क्या हो।

इंस्पेक्टर ने शुरु में छेड़छाड़ का मामला दर्ज करने से मना कर दिया था लेकिन जब वीडियो वायरल हो गया तो उसने प्राथमिकी दर्ज की।