News NAZAR Hindi News

पूर्व विधायक पर दिनदहाड़े हमला-पथराव, कांग्रेसियों पर आरोप

ग्वालियर। पूर्व केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थक पूर्व विधायक मुन्नालाल गोयल पर आज उस समय अज्ञात लोगों द्वारा हमला कर दिया गया, जब वह एक व्यक्ति की हत्या होने के बाद अपने ही क्षेत्र मेें उसके घर की तरफ जा रहे थे।

गोयल ने यहां पत्रकारों से चर्चा कहा कि सुबह उनके पास एक कार्यकर्ता सूरज आया। वह उस स्थान पर जाने के लिए घर से बिना गार्ड के अपने वाहन चालक के साथ निकल पडे। जब वह सिरोल थाना क्षेत्र में हुरावली के पास पहुंचे तभी कुछ लोगों ने अचानक पत्थरबाजी कर उनकी कार को क्षतिग्रस्त कर दिया। साथ ही उन्हें भी निशाना बनाते हुए पत्थरबाजी की, जिससे वह घायल हो गए।

पूर्व विधायक ने बताया कि उनके कार चालक ने तत्काल कार को बैक कर उन्हें सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन लोगों ने हमला किया यह हमला कांग्रेस के लोगों के कहने पर किया गया। उन्होंने कहा कि यह मामला गंभीर है। उन्होंने कहा कि मामला पुलिस के पास है, पुलिस इस कार्रवाई करेगी।

उधर, कांग्रेस ने भी एक बयान जारी कर कहा कि पूर्व विधायक मुन्नालाल गोयल स्वयं अपनी साजिश का शिकार हो गए हैं। वह कांग्रेस पर असत्य आरोप लगा रहे हैं।