News NAZAR Hindi News

मुख्यमंत्री 26 को करेंगे सिंहस्थ कार्यों का लोकार्पण


उज्जैन। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान 26 फरवरी को उज्जैन आकर सिंहस्थ कार्यों का लोकार्पण करेंगे। मुख्यमंत्री द्वारा विभिन्न विभागों के कार्यों का लोकार्पण किया जाना है।

संभागायुक्त ने निर्देश दिए कि जिन कार्यों का लोकार्पण किया जाना है वहां साफ-सफाई, मंच व्यवस्था आदि सभी इंतजाम बेहतर हों। सम्बन्धित विभाग कार्य की विस्तृत जानकारी के लिए उनकी बुकलेट तैयार करे। कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए संभागायुक्त ने निर्माण एजेन्सियों से कहा कि बुकलेट में थर्ड पार्टी निरीक्षण, क्वालिटी कंट्रोलर की रिपोर्ट और सीटीई रिपोर्ट की जानकारी भी दी जाए। बुकलेट में कार्य की ड्राइंग, लागत तथा अन्य विवरण भी समाविष्ट किया जायेगा।

 मजिस्ट्रेट सेवा सुविधाओं का प्रजेंटेशन सन्तों-महन्तों के समक्ष देंगे

संभागायुक्त ने निर्देश दिए कि सिंहस्थ मेला क्षेत्र में जिन सुविधाओं और सेवाओं को प्रदान करने की तैयारी की जा रही है, उनका प्रजेंटेशन सन्तों-महन्तों के समक्ष किया जाये। jone मजिस्ट्रेट अपने कार्यालयों पर यह प्रजेंटेशन देंगे। संभागायुक्त ने कहा कि सभी साधु-सन्त इस बात से वाकिफ रहें कि शासन-प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं और सन्तों-महन्तों के लिये सभी जरूरी व्यवस्थाएं की जा रही हैं। झोन मजिस्ट्रेट अपने झोन क्षेत्र में स्थापित की जाने वाली सेवाओं, सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था के सम्बन्ध में बिन्दुवार जानकारी साधु-सन्तों को दें।

मेला क्षेत्र में चोरी रोकने के लिए तत्काल फोर्स 

एडीजी व्ही.मधुकुमार ने सिंहस्थ मेला क्षेत्र में स्थापित की गई अधोसंरचना की सुरक्षा एवं चोरी रोकने के लिये तत्काल फोर्स उपलब्ध कराने की जानकारी बैठक में दी। सिंहस्थ मेला क्षेत्र में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा जलप्रदाय के लिये पाइप लाइन, नलों की टोटियां और विद्युत वितरण कंपनी द्वारा ट्रांसफार्मर लगाये ग हैं, नगर निगम द्वारा भी महंगी स्ट्रीट लाइट विद्युत खंबों पर लगाई गई हैं। इसी प्रकार अन्य विभागों द्वारा भी विकास कार्य किये गये हैं। इन सबकी सुरक्षा के सम्बन्ध में आईजी मधुकुमार ने कहा कि मेला क्षेत्र में तत्काल पुलिस फोर्स तैनाती की व्यवस्था की जा रही है।